शहीद ऊधम सिंह के बलिदान को मुख्यमंत्री धामी ने किया नमन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने अखंड पाठ में भाग लिया तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का काला अध्याय था, जिसका प्रतिकार कर ऊधम सिंह ने दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान का संदेश देता है। साथ ही श्री गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाती हैं, जो पूरे राष्ट्र को प्रेरित करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें