
देहरादून, 11 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्व विधायकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पूर्व विधायकों ने उत्तराखंड के मुख्य सेवक के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूरा करने पर मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पूर्व विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने सरकार द्वारा लिए गए जनहितकारी निर्णयों और विभिन्न विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इनका सकारात्मक प्रभाव प्रदेशभर में दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का अनुभव और मार्गदर्शन राज्य के विकास में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना है। इसके लिए सभी के सहयोग और सहभागिता से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, दिनेश अग्रवाल, देशराज कर्णवाल, लाखीराम जोशी, पुष्पेश त्रिपाठी, धन सिंह नेगी, केदार सिंह रावत, राजकुमार, विजया बड़थ्वाल, सुरेश चंद्र आर्य और जोत सिंह गुनसोला सहित अन्य पूर्व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।









