
देहरादून, 10 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026 पहल के तहत शुक्रवार को डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी में “विकसित भारत यंग प्रोफेशनल राउंड टेबल” का आयोजन किया गया। माय भारत, देहरादून और इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का विषय “फिट भारत, हिट भारत” रहा।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, माय भारत के स्वयंसेवकों, युवा पेशेवरों और शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान स्वस्थ जीवनशैली, नेतृत्व क्षमता, नवाचार, अनुशासन और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर विस्तृत चर्चा हुई।
माय भारत की प्रेजेंटर मेघा शर्मा ने “फिट भारत, हिट भारत” विषय पर प्रस्तुति दी। वहीं डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी की वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अंजुम अग्रवाल, डॉ. ए.एस. सुरेश अय्यर, यथार्थ गैरोला, ग्रुप कैप्टन आर.सी. त्रिपाठी और एडवोकेट रितु गुजराल ने पैनल चर्चा में युवाओं को संबोधित किया। विशेषज्ञों ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार होना आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, करियर, नेतृत्व, एडवेंचर गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। अंत में माय भारत, देहरादून की उपनिदेशक मोनिका नांदल ने प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल की जानकारी दी और अधिक से अधिक युवाओं से इससे जुड़ने का आह्वान किया। सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा प्रमाण-पत्र वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।








