वन महोत्सव सप्ताह में गढ़वाल ग्रीनर्स का पर्यावरण संरक्षण अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 7 जुलाई। वन महोत्सव सप्ताह-2026 के तहत 127 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल, गढ़वाल राइफल्स (गढ़वाल ग्रीनर्स) ने उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को लेकर व्यापक अभियान चलाया। 1 से 7 जुलाई तक चले इस अभियान में वृक्षारोपण, नदी पुनर्जीवन, जल एवं मृदा संरक्षण, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान में स्थानीय प्रशासन, वन विभाग, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यूनिट ने अपने निर्धारित क्षेत्रों में पौधारोपण और संरक्षण कार्यों को गति देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बटालियन ने बताया कि उसके सतत प्रयासों से अब तक 3 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण और हजारों हेक्टेयर वन क्षेत्र का पुनर्जीवन किया जा चुका है, जिससे उत्तराखंड के हरित आवरण को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।
वन महोत्सव सप्ताह के दौरान प्रतिभागियों को वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर सभी ने प्रकृति संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और लगाए गए प्रत्येक पौधे की देखभाल करने का संकल्प लिया।127 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इकोलॉजिकल, गढ़वाल राइफल्स ने अभियान की सफलता में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के ऐसे अभियान निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment

और पढ़ें