मुख्यमंत्री धामी ने ₹495 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 7 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों हेतु करीब ₹495 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में कुंभ मेला-2027 की तैयारियां, सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण, शहरी निकायों और जिला पंचायतों के विकास कार्य, पार्किंग, एडवेंचर पार्क, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा जनहित की विभिन्न घोषणाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत टिहरी जिले के नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में भारपुर-पोंथ मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए ₹3.08 करोड़ स्वीकृत किए हैं। अल्मोड़ा के भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹53.51 लाख, धारचूला में जुम्मा मल्ला ग्वार से छिपला सरोवर मार्ग निर्माण के लिए ₹80.35 लाख, चौखुटिया के रामपादुका मंदिर स्नान घाट के लिए ₹37.60 लाख तथा चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना के लिए ₹60 लाख की स्वीकृति दी गई है।हरिद्वार जिले में कनखल क्षेत्र के दो सीसी मार्गों के निर्माण तथा लक्सर में सत्संग भवन महाराजपुर से गंगदासपुर तक सड़क सुधार के लिए ₹3.72 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। उधमसिंहनगर के सितारगंज क्षेत्र में विभिन्न सड़क पुनर्निर्माण कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपये की मंजूरी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के डीडीहाट सिविल जज न्यायालय में शिशु गृह की स्थापना, रुद्रपुर में 31वीं वाहिनी पीएसी के आरटीसी एवं बैरक निर्माण, गुंजी गांव के सर्वांगीण विकास, रामनगर में ₹38.58 करोड़ की बहुमंजिला पार्किंग, चम्पावत में एडवेंचर पार्क तथा देहरादून संभागीय परिवहन कार्यालय भवन विस्तार के लिए भी वित्तीय स्वीकृति दी है।इसके अलावा, कुंभ मेला-2027 के दौरान निर्बाध एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ₹43.87 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें प्रथम किश्त के रूप में ₹17.55 करोड़ जारी करने का अनुमोदन भी दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रत्याशा में शहरी स्थानीय निकायों को ₹328.28 करोड़ तथा जिला पंचायतों को ₹82.21 करोड़ की द्वितीय त्रैमासिक किश्त जारी करने की भी मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार तथा राज्य स्वायत्त निकायों/उपक्रमों के उन कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि का अनुमोदन किया है, जो पांचवें एवं छठे केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन प्राप्त कर रहे हैं। इसके तहत पांचवें वेतनमान का महंगाई भत्ता 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत तथा छठे वेतनमान का महंगाई भत्ता 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया गया है। यह वृद्धि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में बिडोरा-छेवी पातशाही गेट से धूमखेड़ा मार्ग का नाम “साहिबजादे फतेह सिंह रोड” तथा सौनी-डौड़ाखाल-तिपोला मोटर मार्ग का नाम राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय पूरण सिंह डंगवाल के नाम पर किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया।

Leave a Comment

और पढ़ें