टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू, पांच राज्यों के बीच रेल संपर्क होगा मजबूत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंपावत, 6 जुलाई। उत्तराखंड के लिए सोमवार का दिन रेल विकास के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और जनभावनाओं को देखते हुए टनकपुर-नांदेड तथा नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नए रेल ट्रैक बिछाए गए हैं और 99.6 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि सामान्य श्रेणी के 12 हजार नए कोच तैयार किए जा रहे हैं तथा आगामी रथ यात्रा और ओणम के दौरान भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस केवल नई रेल सेवा नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक एकता का मजबूत सेतु है। उन्होंने कहा कि इससे कुमाऊं क्षेत्र, पूर्णागिरि धाम और आदि कैलाश आने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध होंगे। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तराखंड में रेलवे के तेजी से हो रहे विकास का भी उल्लेख किया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस से धार्मिक पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि नई रेल सेवा से सिख श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है और अब श्रद्धालु सीधे तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड तक यात्रा कर सकेंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने इसे सीमांत क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास भी तेजी से किया जा रहा है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि शाहजहांपुर तक ट्रेन विस्तार और नई एक्सप्रेस सेवा से पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन बढ़ेगा और क्षेत्र के लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें