रामनगर। नैनीताल पुलिस ने रामनगर के एक हाई-प्रोफाइल रिसॉर्ट में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त छापेमारी में 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। मौके से 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को मुक्त कराया गया। पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर रिसॉर्ट में छापा मारा। पुलिस के अनुसार, मौके पर महिलाओं के साथ अनैतिक देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी, अश्लील नृत्य तथा नोट उड़ाने जैसी गतिविधियां चल रही थीं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 5 और 6, पॉक्सो अधिनियम की धारा 14, आबकारी अधिनियम की धारा 60/21 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 77 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार, निवासी मेरठ, ने बताया कि वह एक कीटनाशक निर्माण कंपनी का संचालक है और कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की गई थी। जांच में सामने आया कि उसने करीब 10 दिन पहले रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और कथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था करने को कहा था। इसके लिए 4 से 5 जुलाई तक रिसॉर्ट करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी ने प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर ने होटल स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में आए लोगों और महिलाओं की आगंतुक रजिस्टर में कोई प्रविष्टि न की जाए। साक्ष्य छिपाने के इस प्रयास और रिसॉर्ट का उपयोग अवैध गतिविधियों में होने के कारण पुलिस ने परिसर को सील कर दिया। जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने मौके से शराब की तीन पेटियां, बीयर की एक पेटी, 10 रुपये मूल्य के नकली नोटों की 24 गड्डियां, नोटों का एक पुलिंदा, आपत्तिजनक सामग्री, लैपटॉप, कई मोबाइल फोन तथा डांस कार्यक्रम में प्रयुक्त म्यूजिक सिस्टम, एम्पलीफायर और साउंड बॉक्स बरामद किए हैं।इस कार्रवाई में एएचटीयू, एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। प्रभावी कार्रवाई के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पूरी पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।







