रीठा साहिब जोड़ मेला-2026 के लिए चम्पावत पुलिस की विशेष यातायात योजना जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चम्पावत, 27 मई 2026।रीठा साहिब जोड़ मेला-2026 को लेकर जनपद पुलिस ने व्यापक यातायात संचालन योजना जारी कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न मार्गों पर विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। पुलिस प्रशासन ने मेले के दौरान यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार मेले की अवधि में पर्वतीय एवं संकरे मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस द्वारा आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी।
टनकपुर दिशा से आने वाले बड़े वाहन, बसें, ट्रैवलर और मालवाहक वाहनों को सुखीढांग क्षेत्र में निर्धारित पार्किंग स्थल पर रोका जाएगा। वहां से श्रद्धालुओं को छोटे वाहनों, टैक्सी अथवा शटल सेवा के माध्यम से श्री गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब भेजा जाएगा। छोटे चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए अलग नियंत्रित यातायात व्यवस्था बनाई गई है।
चम्पावत, लोहाघाट और देवीधुरा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुखीढांग–चम्पावत–लोहाघाट–धूनाघाट–रीठा साहिब मार्ग निर्धारित किया गया है। वापसी के लिए भी यही मार्ग लागू रहेगा। गुरुद्वारा परिसर के समीप अनावश्यक वाहन प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा पैदल यात्रियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
वहीं हल्द्वानी, खनस्यू और पतलोट क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु हल्द्वानी–खनस्यू–पतलोट–मेला चौक–सिसनी बैंड–परेवा पार्किंग मार्ग का उपयोग करेंगे।
चम्पावत पुलिस ने पर्वतीय मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और रैश ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य किया गया है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि गुरुद्वारा परिसर और मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ चालानी और क्रेन कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष समेत विभिन्न पुलिस अधिकारियों के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। चम्पावत पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से पुलिस एवं यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।

Leave a Comment

और पढ़ें