देहरादून 27 मई।उत्तराखंड में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जनपदों में आगामी दिनों में बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई 2026 को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।इसके अलावा राज्य के अन्य जनपदों में भी गर्जन और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने 29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जनपदों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की भी संभावना है।
30 और 31 मई के लिए राज्यभर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।








