
देहरादून 17 अप्रैल ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस लाइन देहरादून में परेड का निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं दौड़ में भाग लेकर कर्मियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
परेड की सलामी लेने के बाद एसएसपी ने नियमित रूप से परेड आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस बल फिट और सतर्क बना रहे। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया और वहां रखे शस्त्रों व सरकारी संपत्ति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई की जाए और कर्मियों को उनकी सही हैंडलिंग का अभ्यास कराया जाए।
स्टोर कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने एंटी-रायट उपकरणों, बुलेटप्रूफ जैकेट समेत अन्य सुरक्षा सामग्री का भौतिक सत्यापन किया और आवश्यकतानुसार उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रजिस्टरों के रख-रखाव को अद्यतन रखने पर भी जोर दिया।आवासीय परिसर, बैरक और भोजनालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। भोजनालय में पुलिस कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पुलिस लाइन स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल का निरीक्षण करते हुए एसएसपी ने शिक्षकों से शिक्षण कार्य की जानकारी ली और छात्र हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहनों की फिटनेस और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया तथा सरकारी वाहनों के रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन पुलिस कर्मियों राजेश जोशी, रमेश रावत और सूरज सिंह को उत्साहवर्धन हेतु पुरस्कृत भी किया गया।
निरीक्षण के समापन पर एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गोष्ठी कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।






