बनबसा में भारत-नेपाल सीमा पर आधुनिक लैंड पोर्ट का जल्द शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। चंपावत जिले के बनबसा (गुदमी) क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर प्रस्तावित आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के लंबे समय से किए जा रहे प्रयास अब फलीभूत होते दिख रहे हैं। जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह संयुक्त रूप से इस परियोजना का शिलान्यास करेंगे।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक लैंड पोर्ट भारत और नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन और मैत्री संबंधों को नई मजबूती देगा।
महाराज ने बताया कि चंपावत के बनबसा क्षेत्र में महेंद्रनगर सीमा पर बनने वाले इस लैंड पोर्ट को विकसित करने के लिए वे लंबे समय से प्रयासरत थे। इस दौरान उन्होंने कई बार स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं। साथ ही नेपाल के राजदूत से भी इस परियोजना को लेकर बातचीत की। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप परियोजना के पहले चरण के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। इसके साथ ही पर्यावरण मंजूरी, 84 एकड़ वन भूमि का हस्तांतरण और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि इस लैंड पोर्ट के निर्माण के बाद एक ही परिसर में कस्टम, इमिग्रेशन, सुरक्षा, कार्गो टर्मिनल, यात्री टर्मिनल और स्वास्थ्य इकाई जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे सीमा पर व्यापार और यात्री आवागमन के लिए एकीकृत, तेज और सुरक्षित व्यवस्था विकसित होगी।महाराज ने कहा कि इस परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्रों के किसानों और छोटे उत्पादकों को नेपाली बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी, जिससे परिवहन लागत कम होगी और उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि यह लैंड पोर्ट भारत-नेपाल व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें