सीएम धामी ने रेल परियोजनाओं और ‘डिजिटल कुम्भ 2027’ पर की केंद्रीय मंत्री से चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 28 मार्च। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत बनाने और कुम्भ 2027 को ‘डिजिटल कुम्भ’ के रूप में आयोजित करने को लेकर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में बेहतर रेल कनेक्टिविटी के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर त्वरित कार्यवाही का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य सामरिक, भौगोलिक, आध्यात्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। चारधाम, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उन्होंने मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक आरआरटीएस के विस्तार की आवश्यकता बताई।

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए इसके प्रथम चरण का कार्य वर्ष 2026 तक पूरा कर लोकार्पण सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। साथ ही कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने और बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे की अनुमति देने की भी मांग रखी।

उन्होंने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण, रायवाला बाई-डक ब्रिज के विकास कार्य, चारधाम रेल परियोजना के तहत डोईवाला-उत्तरकाशी और कर्णप्रयाग-पीपलकोटी खंडों के फाइनल लोकेशन सर्वे को शीघ्र पूरा कर स्वीकृति देने तथा मोहण्ड-देहरादून-सहारनपुर रेल लाइन परियोजना को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कुम्भ 2027 की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार आयोजन को ‘डिजिटल कुम्भ’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘डिजिटल कुम्भ’ परियोजना के लिए 143.96 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता हेतु भारत सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने इस पर शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें