
देहरादून, 14 मार्च। उत्तराखंड के लोकपर्व फूलदेई के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश मुख्यालय बच्चों की मासूम मुस्कान और लोकसंस्कृति की मधुर ध्वनि से महक उठा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बच्चों के माध्यम से प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फूलदेई जैसे लोकपर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं।
शनिवार को छोटे-छोटे स्कूली बच्चों ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ फूलदेई पर्व मनाया। बच्चों ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर चावल और रंग-बिरंगे फूल अर्पित किए और पारंपरिक लोकगीत “फूल देई, छम्मा देई, दैणी द्वार भर भकार” गाकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बच्चों के गीतों और मुस्कान से कार्यालय परिसर लोकसंस्कृति की सुगंध से भर उठा।
इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि नई पीढ़ी द्वारा पारंपरिक रीति से फूलदेई मनाना इस बात का प्रमाण है कि हमारी सांस्कृतिक विरासत आज भी जीवंत है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को अपनी लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इनसे जुड़ी रहें। उन्होंने आशा जताई कि इस प्रकृति पर्व की खुशबू की तरह हम सभी मिलकर प्रदेश को विकास की महक से भरने का कार्य करेंगे।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि फूलदेई केवल एक पर्व नहीं बल्कि उत्तराखंड की लोकपरंपराओं, प्रकृति प्रेम और सामुदायिक सौहार्द का प्रतीक है। यह पर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव, प्रदेश प्रवक्ता जानकी नौटियाल और बबली चौहान सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बच्चों का स्वागत कर उन्हें आशीर्वाद दिया और प्रदेशवासियों को फूलदेई पर्व की शुभकामनाएं दीं।






