तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर 65 तोला सोना ठगने वाला ‘ठग बाबा’ गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 11 जून ।अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक कथित बाबा को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना सेलाकुई और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से ठगी गए करीब 15 तोला सोने के आभूषण और पांच लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब सेलाकुई निवासी ओशीन गुरंग ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि महंत राहुल थापा ने तंत्र-मंत्र और अनिष्ट होने का भय दिखाकर पूजा-अनुष्ठान के नाम पर उनके परिवार से 65 तोला सोना हड़प लिया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने 9 जून को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और विशेष टीमों का गठन कर उसकी तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल थापा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने महिला से धोखाधड़ी कर आभूषण हड़पने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 150 ग्राम वजन का सोने का बिस्कुटनुमा बार और आभूषण बेचकर हासिल किए गए पांच लाख रुपये नकद बरामद किए।
पूछताछ में सामने आया कि राहुल थापा वर्ष 2013 से पंडिताई और धार्मिक अनुष्ठान कराने का काम कर रहा था। अधिक पैसा कमाने के लालच में उसने लोगों को अंधविश्वास के जाल में फंसाने की योजना बनाई। वह रात के समय अपने संपन्न शिष्यों के घरों के बाहर जादू-टोने से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंक देता था और अगले दिन उन्हें फोन कर घर पर किसी अनिष्ट या तंत्र-मंत्र का भय दिखाता था। इसके बाद विशेष पूजा और अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस के अनुसार, मार्च 2026 में आरोपी ने सेलाकुई स्थित महिला के घर के बाहर भी इसी तरह जादू-टोने की सामग्री से भरी पोटली फेंकी थी। अगले दिन उसने महिला को फोन कर घर पर बड़े अनिष्ट का खतरा बताया और उसे दूर करने के लिए विशेष अनुष्ठान कराने की सलाह दी। अनुष्ठान के दौरान उसने महिला और उसकी मां के सभी आभूषण एक संदूक में रखने को कहा। बाद में मौका मिलते ही वह संदूक से आभूषण निकालकर ले गया और परिवार को 62 दिन तक संदूक न खोलने की हिदायत दे दी।
पुलिस का कहना है कि घटना को तीन माह बीत चुके थे, इसलिए बरामदगी आसान नहीं थी। इसके बावजूद पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। शेष आभूषणों की बरामदगी और आरोपी के अन्य संभावित अपराधों की जानकारी जुटाने के लिए आगे भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस ठगी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।गिरफ्तार आरोपी राहुल थापा (34) निवासी तेलपुरा अटक फार्म, सेलाकुई के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें