ओटीपी फ्रॉड पर लगाम लगाने को एयरटेल का नया एआई सुरक्षा फीचर लॉन्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 11 फरवरी । डिजिटल ठगी के बढ़ते मामलों के बीच एयरटेल ने ग्राहकों को सुरक्षित रखने के लिए एआई आधारित नया फ्रॉड अलर्ट सिस्टम लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह फीचर ओटीपी से जुड़े बैंकिंग फ्रॉड की पहचान कर रियल-टाइम में यूजर्स को सतर्क करेगा।

अक्सर ठग डिलीवरी, कस्टमर केयर या अन्य सेवाओं का बहाना बनाकर लोगों पर जल्दबाज़ी का दबाव बनाते हैं और उनसे बैंक ट्रांजैक्शन से जुड़ा ओटीपी हासिल कर लेते हैं। ओटीपी साझा होते ही खाते से रकम निकलने का खतरा पैदा हो जाता है। एयरटेल का नया सिस्टम ऐसी ही संदिग्ध परिस्थितियों को पहचानकर तुरंत चेतावनी देगा।कंपनी के अनुसार यदि किसी जोखिम भरी इनकमिंग कॉल के दौरान बैंक का ओटीपी डिटेक्ट होता है, तो नेटवर्क स्तर पर ग्राहक को ‘फ्रॉड अलर्ट’ भेजा जाएगा। इसमें बताया जाएगा कि कॉल पर रहते हुए ओटीपी साझा करना खतरनाक हो सकता है।एयरटेल इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ शाश्वत शर्मा ने कहा कि कंपनी सुरक्षित नेटवर्क बनाने के मिशन पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेन-देन में ओटीपी की अहम भूमिका है, लेकिन अपराधी अलग-अलग तरीकों से इसका दुरुपयोग कर रहे हैं। ऐसे में यह एआई-पावर्ड समाधान रियल-टाइम में धोखाधड़ी की पहचान कर उसे रोकने में मदद करेगा। परीक्षणों में इसकी सटीकता और प्रभावशीलता बेहतर पाई गई है।एयरटेल ने पिछले दो वर्षों में स्पैम कॉल अलर्ट और खतरनाक लिंक ब्लॉक करने जैसे कई एआई आधारित उपाय लागू किए हैं। कंपनी का कहना है कि नए फीचर से मोबाइल यूजर्स को ठगी से बचाने में और मजबूती मिलेगी।फिलहाल यह सेवा हरियाणा में शुरू की गई है और अगले दो सप्ताह में इसे चरणबद्ध तरीके से सभी ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें