देहरादून 03 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यहित में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी, नैनीताल निवासी देवकी काण्डपाल पत्नी स्वर्गीय जयदत्त काण्डपाल को 17 मई 2023 से ₹20 हजार प्रतिमाह लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन अनुमन्य किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को भी मंजूरी दी है। इसके तहत नगर निगम हरिद्वार के वार्ड संख्या 59 सीतापुर सरोवर में वॉटर बॉडी रिजुविनेशन योजना हेतु ₹1.68 करोड़, सिंचाई विभाग के अंतर्गत विकासखंड रायपुर की बांदल नदी में नहर के शीर्ष पर जल संरक्षण एवं संवर्द्धन कार्य हेतु ₹2.19 करोड़, बीजापुर नहर के हेड के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण हेतु ₹5.00 करोड़ तथा उत्तराखंड पेयजल निगम के अंतर्गत लोहाघाट टाउन पम्पिंग पेयजल योजना हेतु ₹84.45 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं को भी हरी झंडी दी है। डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय बालक छात्रावास, कंडोली (देहरादून) में अनुरक्षण कार्य हेतु ₹46.56 लाख की स्वीकृति दी गई है। वहीं, राजा बाबू पब्लिक इंटर कॉलेज, आसफग्रान्ट (हरिद्वार) को हाईस्कूल कक्षाओं के संचालन हेतु ₹2.00 लाख तथा इंटरमीडिएट कक्षाओं के लिए ₹3.00 लाख, कुल ₹5.00 लाख का आवर्तक सहायता अनुदान स्वीकृत किया गया है। हर्ष पब्लिक जूनियर हाईस्कूल, मूलदासपुर माजरा (हरिद्वार) को भी ₹1.00 लाख प्रतिवर्ष की प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने का अनुमोदन दिया गया है।
इसके साथ ही जिला कारागार, देहरादून में वर्तमान भूमिगत विद्युत केबल एवं पैनल को बदलकर समुचित क्षमता की आर्मर्ड केबल एवं पैनल स्थापित किए जाने हेतु ₹85.22 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संपर्क मार्गों के निर्माण को भी मंजूरी दी है। विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट के अंतर्गत अखुली ग्राम पंचायत में संपर्क मार्ग निर्माण हेतु ₹54.80 लाख, धारचूला विधानसभा क्षेत्र में जोशागांधी नगर से कोटाखड़िक इमला ट्रैक रूट/अश्वमार्ग (टीएसपी) निर्माण हेतु अवशेष ₹30.55 लाख तथा विकासखंड मूनाकोट के अंतर्गत ग्राम सभा घुर्चू तोक पंतरा से अखुली तोक बुर्गर तक संपर्क मार्ग निर्माण हेतु ₹83.93 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इन स्वीकृतियों से राज्य में बुनियादी ढांचे, पेयजल व्यवस्था, शिक्षा, सामाजिक सम्मान और ग्रामीण संपर्क सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।









