दून में युवती की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पूर्व में पुलिस में दी गई थी शिकायत, आवेश में आकर वारदात को दिया अंजाम

देहरादून 02 फरवरी ।कोतवाली नगर क्षेत्र के दूल्हा बाजार के पास एक गली में सोमवार सुबह एक युवक ने युवती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान गुंजन पुत्री मनीष श्रीवास्तव, निवासी गोविंदगढ़ के रूप में हुई है। वह दूल्हा बाजार स्थित एक दुकान में कार्यरत थी और सोमवार सुबह काम पर पहुंची थी। बताया गया कि वह अपने जीजा के घर के पास स्कूटी खड़ी कर गली से दुकान की ओर जा रही थी, तभी आरोपी युवक ने उस पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या को अंजाम देने वाले युवक आकाश पुत्र कोमलराम को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त गिरफ्तार अभियुक्त आकाश पुत्र कोमलराम
निवासी – 46 मन्नूगंज, खुड़बूड़ा मोहल्ला कोतवाली नगर, देहरादून उम्र 27 वर्ष बताया कि वह भी दूल्हा बाजार की एक दुकान में काम करता है। बीते तीन वर्षों से उसका मृतका से मेल-जोल था और उसके घर भी आना-जाना था। जब इस बात की जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने आपत्ति जताते हुए इसकी सूचना अभियुक्त के परिजनों को दी, जिसके बाद उसके घर में भी पारिवारिक विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, पूर्व में दोनों पक्षों की आपसी सहमति से एक-दूसरे से कोई संबंध न रखने को लेकर चौकी खुड़बुड़ा में एक समझौता पत्र भी दिया गया था। इसके बावजूद आरोपी युवक मृतका से संपर्क का प्रयास करता रहा। दो दिन पूर्व मृतका ने युवक द्वारा परेशान किए जाने को लेकर चौकी खुड़बुड़ा में प्रार्थना पत्र भी दिया था, जिस पर पुलिस लगातार अभियुक्त की तलाश कर रही थी।
पुलिस दबाव की जानकारी होने पर आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और बीते दो दिनों से अलग-अलग स्थानों पर छिपता रहा। लगातार चल रहे पारिवारिक तनाव, पुलिस कार्रवाई और मृतका द्वारा बातचीत बंद किए जाने से आक्रोश में आकर आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

और पढ़ें