आदमपुर हवाई अड्डे को गुरु रविदास महाराज के नाम समर्पित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 1 फरवरी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आदमपुर हवाई अड्डे को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के नाम समर्पित किया जाना सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की जयंती के पावन अवसर पर लिया गया यह निर्णय उनके महान विचारों और मानवता के प्रति समर्पण को सच्ची श्रद्धांजलि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने समानता, करुणा, सेवा और मानव सम्मान का जो संदेश समाज को दिया, वह आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। उन्होंने भेदभाव, ऊँच-नीच और असमानता के विरुद्ध आवाज़ उठाकर एक समतामूलक समाज की परिकल्पना प्रस्तुत की।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महापुरुषों और संतों के विचारों को सम्मान देने की परंपरा लगातार मजबूत हो रही है। आदमपुर हवाई अड्डे का नामकरण गुरु रविदास महाराज के नाम पर किया जाना उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय सामाजिक एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय गौरव को और अधिक सुदृढ़ करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संत रविदास महाराज के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज समरसता और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ेगा।

 

Leave a Comment

और पढ़ें