बायोफार्म शक्ति योजना से फार्मा क्षेत्र को मिलेगी गति, सस्ती होंगी दवाएं
देहरादून, 1 फरवरी 2026।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 में स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े और ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बजट में देश में तीन नए एम्स की स्थापना, दो राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों तथा एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल संस्थानों की स्थापना का प्रावधान किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश में पाँच क्षेत्रीय मेडिकल हब विकसित किए जाएंगे। ये हब आधुनिक अस्पतालों, चिकित्सा शिक्षा और शोध सुविधाओं से युक्त इंटीग्रेटेड हेल्थ सेंटर्स के रूप में कार्य करेंगे, जिससे भारत वैश्विक स्तर पर चिकित्सा सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन सकेगा।
बायोफार्म शक्ति योजना से सस्ती और सुलभ होगी चिकित्सा
डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि डायबिटीज, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार को सुलभ बनाने के लिए बजट में बायोफार्म शक्ति योजना की घोषणा की गई है। इस योजना के तहत बायोलॉजिक्स और बायोसिमिलर दवाओं के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे दवा उत्पादन में वृद्धि होगी और मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
राज्य स्तर पर ठोस प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्रीय बजट के अनुरूप राज्य स्तर पर ठोस प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और फार्मा क्षेत्र को और अधिक मजबूती मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह बजट देश और प्रदेश दोनों स्तरों पर स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









