देहरादून, 25 जनवरी।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) उत्तराखंड, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदेशभर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस क्रम में देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और नैनीताल में पदयात्राएं एवं साइकिल रैलियां निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
देहरादून में ‘मेरा भारत, मेरा वोट’ थीम के साथ ग्राफिक इरा हिल यूनिवर्सिटी से एयरफोर्स कैंप एवं महंत इंद्रेश अस्पताल मोथरोवाला तक पदयात्रा आयोजित की गई, जिसमें लगभग 800 से अधिक माय भारत स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों ने मानव शृंखला बनाकर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की शपथ ली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री सम्मानित डॉ. बी.के.एस. संजय ने युवाओं को हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. नपिंदर सिंह, डॉ. अमित भट्ट, डॉ. अमल शुक्ला, अवदेश कौशल, डॉ. आदित्य हरबोला सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
टिहरी गढ़वाल के नरेंद्र नगर में पूर्णानंद स्टेडियम से भद्रकाली तक साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतियोगी साइकिलिस्टों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ओपन वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता के शीर्ष पांच साइकिलिस्टों को पदक एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान ने पुरस्कार वितरित किए।
पौड़ी गढ़वाल के कंडोलिया पार्क में युवाओं, स्वयंसेवकों एवं अधिकारियों ने स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान की शपथ ली। इस अवसर पर उपनिदेशक माय भारत शैलेश भट्ट ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि संविधान द्वारा दिया गया एक पवित्र कर्तव्य है।
नैनीताल में सेंट पॉल्स स्कूल, काठगोदाम से क्वीन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी तक पदयात्रा निकाली गई, जिसमें 200 से अधिक युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने युवाओं से निर्भीक होकर मतदान करने का आह्वान किया। पदयात्रा के बाद युवाओं ने SVEEP कार्यक्रम में भी भाग लिया।
इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। युवाओं की व्यापक भागीदारी ने यह संदेश दिया कि युवा वर्ग लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पूर्णतः सजग और प्रतिबद्ध है।







