काशीपुर के किसान की आत्महत्या मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 11 जनवरी। ऊधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर निवासी एक किसान द्वारा हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने के गंभीर प्रकरण को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत को मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना से जुड़े सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने इस मामले को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्धन तथा पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से भी पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी ली है और जांच प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत किसान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम तत्परता से उठाए जाएं।

Leave a Comment

और पढ़ें