देहरादून 29 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा को तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। सहायता की पहली किश्त के रूप में रु. 4 लाख 12 हजार 5 सौ की धनराशि का चैक पीड़ित परिवार को भेज दिया गया है।
यह आर्थिक सहायता अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम–1989 एवं नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम–1955 के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत प्रदान करने के लिए यह प्रकरण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के माध्यम से जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून को भेजा गया था।
उपजिलाधिकारी विकासनगर एवं पुलिस उपाधीक्षक विकासनगर द्वारा संयुक्त जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जिलास्तरीय समिति की स्वीकृति प्रक्रिया को त्वरित रूप से पूर्ण किया गया। इसके पश्चात निर्धारित प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता स्वीकृत करते हुए पहली किश्त का चैक एंजेल चकमा के पिता श्री तरुण प्रसाद चकमा को भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एंजेल चकमा के पिता से फोन पर बातचीत कर घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर प्रयास तेज किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।




