त्रिपुरा के छात्र की हत्या पर भाजपा ने जताया शोक, दोषियों को कड़ी सजा का भरोसा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजनैतिक बयानबाजी से देहरादून की एजुकेशनल हब की छवि को नुकसान न पहुंचाएं: महेंद्र भट्ट
देहरादून, 29 दिसंबर।
त्रिपुरा के छात्र की निर्मम हत्या की घटना पर भारतीय जनता पार्टी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों को शीघ्र कठोरतम सजा दिलाने का आश्वासन दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को अत्यंत संवेदनशीलता और गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं सख्त कार्रवाई कर रही है।
मीडिया को जारी बयान में महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड, विशेषकर राजधानी देहरादून, देश-विदेश से आने वाले छात्रों के लिए एक प्रतिष्ठित एजुकेशनल हब के रूप में जाना जाता है, जहां अब तक सौहार्दपूर्ण वातावरण में शिक्षा का माहौल रहा है। त्रिपुरा के छात्र के साथ हुई इस दर्दनाक घटना से समूचा प्रदेश दुखी और चिंतित है।
उन्होंने बताया कि हत्या के मामले में नामजद पांच आरोपियों में से चार को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि पांचवें अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि और इंसानियत की छवि को धूमिल करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से क्षमा याचना करते हुए कहा कि पार्टी और सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है। सरकार न केवल दोषियों को सजा दिलाएगी, बल्कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और नेताओं से इस संवेदनशील मामले में संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच प्रक्रिया में जुटी है, ऐसे में अंतिम निष्कर्ष से पहले बयानबाजी से बचना चाहिए। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना को राजनीतिक रंग देना या क्षेत्रवाद व जातिवाद के आधार पर समाज को बांटने का प्रयास उचित नहीं है। देवभूमि की छवि को नुकसान पहुंचाने के बजाय सभी को जांच पूरी होने तक धैर्य रखना चाहिए

Leave a Comment

और पढ़ें