वनभोज व सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिखी गोरखाली समाज की एकता और परंपरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरिद्वार 28 दिसंबर
गोरखाली महिला कल्याण समिति की ओर से हरिद्वार के बैरागी कैंप में वनभोज एवं सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोरखाली समाज के लोगों ने सहभागिता कर अपनी सांस्कृतिक एकता और परंपराओं का सजीव परिचय दिया। सुभाष घाट व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजू वधावन कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात महिलाओं ने झली को झलल, सुरके थैली, माईती घर, टाकन टुकन, चींटीकै भाछुरे, मत ढले ढले, गौरखे खुकुरी, साल को पात टपरी और कुटुम कुटुम सुपारी दाना जैसे पारंपरिक लोकगीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर महिलाओं को पारंपरिक भोजन भी कराया गया।
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने वीडियो संदेश के माध्यम से कार्यक्रम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं और सकारात्मक सामाजिक चेतना विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि वनभोज गोरखाली समाज की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है, जिसे भावी पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
विशिष्ट अतिथि राजू वधावन ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक संरक्षण को मजबूती प्रदान करते हैं।
समिति की अध्यक्ष पदमा पाण्डेय और महामंत्री शारदा सुबेदी ने कहा कि गोरखाली महिला कल्याण समिति लंबे समय से सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वनभोज जैसे पर्व महिलाओं की आस्था, श्रद्धा और पारिवारिक एकता का प्रतीक हैं।
कमला सुबेदी और रेखा सुबेदी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं को अपनी संस्कृति को खुलकर व्यक्त करने का अवसर मिलता है और आपसी मेलजोल बढ़ता है। वहीं पदम प्रसाद सुबेदी और लोकनाथ सुबेदी ने कहा कि वनभोज एवं सांस्कृतिक महोत्सव समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी देता है।
कार्यक्रम में हरिद्वार के साथ-साथ देहरादून, रायवाला, ऋषिकेश, डोईवाला, रुड़की, छिदरवाला, मोतीचूर और गाजीवाला से भी सैकड़ों गोरखाली महिलाएं और पुरुष शामिल हुए।
इस अवसर पर आचार्य स्वामी रवि देव शास्त्री, स्वामी हरिहरानन्द महाराज, महंत दिनेश दास, सुतिक्षणमुनि महाराज, सहित अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सपना खड़का, तनुजा पाण्डेय, तारा अर्याल, मधु पाण्डेय, माया रेवले, चंपा उपाध्याय, भगवती ओझा, कल्पना बोहरा, पार्वती कंडेल, भावना शर्मा, कमला पांडेल, रमा पाण्डेय, ज्योति पांडेय, अम्बिका उपाध्याय, गंगा देवी उपाध्याय, वीना बिस्ट, रोशनी बिस्ट सहित बड़ी संख्या में गोरखाली समाज के लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें