
एनएचपीसी द्वारा वन विभाग को 27 लाख रुपये की लागत से दो रेस्क्यू वाहन देने की स्वीकृति
टनकपुर/बनबसा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), उत्तराखंड रंजन कुमार मिश्र (आईएफएस) ने 26 दिसंबर 2025 को टनकपुर पावर स्टेशन, बनबसा का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ राज्य वन विभाग की मुख्य वन संरक्षक तेजस्विनी पाटिल, वन संरक्षक चंद्रशेखर जोशी, डीएफओ (हल्द्वानी) कुंदन कुमार, डीएफओ (तराई पूर्वी) हिमांशु बागड़ी तथा डीएफओ (पिथौरागढ़/चंपावत) आशुतोष सिंह उपस्थित रहे।
पावर स्टेशन परिसर में आगमन पर पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने परंपरागत ढंग से सभी अधिकारियों का स्वागत किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (विद्युत) जावेद अंसारी सहित पावर स्टेशन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
दौरे के दौरान पावर स्टेशन प्रबंधन द्वारा प्रधान मुख्य वन संरक्षक को पावर हाउस, स्विच यार्ड, बैराज परिसर तथा इंडो-नेपाल कैनाल सहित पावर स्टेशन के प्रमुख स्थलों की जानकारी दी गई। साथ ही एनएचपीसी द्वारा संचालित कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सआर) गतिविधियों से भी अवगत कराया गया।
पावर स्टेशन प्रबंधन ने बताया कि एनएचपीसी के सीएसआर-एसडी कार्यक्रम के अंतर्गत वन विभाग, हल्द्वानी को 27 लाख रुपये की लागत से दो रेस्क्यू वाहन उपलब्ध कराए जाने की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिन्हें शीघ्र ही वन विभाग को सौंप दिया जाएगा।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने बनबसा क्षेत्र के विकास में पावर स्टेशन द्वारा दिए जा रहे योगदान की सराहना की तथा वन विभाग को दिए जा रहे सहयोग के लिए एनएचपीसी का आभार व्यक्त किया।





