सतपुली (पौड़ी) 25 दिसंबर
। प्रदेश के सिंचाई, लोक निर्माण, पर्यटन, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने गुरुवार को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट निर्माणाधीन सतपुली झील बैराज का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद महाराज ने कहा कि सतपुली झील के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचेंगे। झील में जल क्रीड़ाओं के विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कुछ लोगों द्वारा भविष्य में सतपुली नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सतपुली बैराज से ट्रैफिक डाइवर्जन की मांग की जा रही है। इस पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।
महाराज ने कहा कि निर्माणाधीन सतपुली बैराज के ऊपर से बाईपास बनाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि पौड़ी और देवप्रयाग की ओर जाने वाला यातायात नगर क्षेत्र में प्रवेश किए बिना सुगमता से बाहर से ही निकल सके।
इस अवसर पर भाजपा युवा नेता सुयश रावत, वेदप्रकाश वर्मा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।





