अटल स्मृति व्याख्यान माला-2025 में मुख्यमंत्री धामी ने किया अटल प्रेक्षागृह का लोकार्पण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 25 दिसंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लेखक गाँव थानो, देहरादून में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित अटल स्मृति व्याख्यान माला-2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने अटल प्रेक्षागृह का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को राज्य का दर्जा दिलाने का ऐतिहासिक कार्य अटल जी के नेतृत्व में ही संभव हुआ। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अटल जी के विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रनिष्ठ भावना को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास है। अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का जीवंत प्रतीक रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ओजस्वी कवि थे, जिन्होंने अपने शब्दों से संवेदनाओं को स्वर दिया। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि एबीवीपी कार्यकर्ता के रूप में लखनऊ में उन्हें स्व. अटल जी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ, जो उनके लिए सदैव गर्व का विषय रहेगा। प्रधानमंत्री के रूप में अटल जी ने भारत को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा तय की।
उन्होंने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति तक अटल जी के निर्णयों ने देश को नई दिशा दी। गठबंधन सरकार का सफल कार्यकाल पूरा कर उन्होंने सिद्ध किया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि हो तो विभिन्न दल मिलकर प्रभावी शासन दे सकते हैं। सेवा, सुशासन और गरीब-कल्याण आधारित कार्यसंस्कृति की शुरुआत कर उन्होंने अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जुटी है। स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों से आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है। देश में विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे, रिंग रोड, हाईवे और एलिवेटेड रोड नए भारत की पहचान बन रहे हैं। 99 प्रतिशत गांव सड़कों से जुड़ चुके हैं और प्रतिदिन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का उत्तराखंड से गहरा लगाव रहा और उनके नेतृत्व में ही राज्य की स्थापना हुई। अटल जी की प्रेरणा और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी, किसानों की आय वृद्धि में देश में प्रथम स्थान, रोजगार सृजन में अग्रणी स्थिति और नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (2023-24) इंडेक्स में प्रथम स्थान जैसी उपलब्धियाँ इसका प्रमाण हैं।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विदुषी निशंक, प्रेम बुढ़ाकोटी, सुरेश, प्रदीप सरधाना, डॉ. सविता मोहन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें