मदनपल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण, ‘अटल–मोदी सुशासन यात्रा’ में बोले मुख्यमंत्री धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मदनपल्ली (आंध्रप्रदेश) 14 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आंध्रप्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘अटल–मोदी सुशासन यात्रा’ में शामिल होकर जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर आंध्रप्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित इस यात्रा में शामिल होना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणास्रोत रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। गठबंधन सरकार का सफल कार्यकाल पूरा कर अटल जी ने यह सिद्ध किया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि हो तो सभी दल मिलकर देश को आगे बढ़ा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अटल जी की प्रेरणा से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण की दिशा में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी योजनाओं से भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज आर्थिक शक्ति बनने के साथ-साथ रक्षा, अंतरिक्ष और अवसंरचना के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है। मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के 99 प्रतिशत गांव सड़कों से जुड़ चुके हैं तथा स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन के क्षेत्रों में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं।

उन्होंने सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन महाकाल लोक और बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण इसके प्रमुख उदाहरण हैं। साथ ही अनुच्छेद 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक उन्मूलन, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और वक्फ संशोधन जैसे निर्णयों से ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री धामी ने आंध्रप्रदेश में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पोलावरम परियोजना, औद्योगिक शहर, नाइट विज़न फैक्ट्री और सेमीकंडक्टर इकाइयों से राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणा से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप, रोजगार और सुशासन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन चुका है। राज्य में समान नागरिक संहिता का लागू होना, धर्मांतरण विरोधी कानून और लैंड जिहाद के विरुद्ध कड़े कदम इसी दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण निर्णय हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें