मुख्य सचिव की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति की बैठक, करोड़ों की परियोजनाओं को मिली मंजूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून, 13 दिसम्बर 2025 ।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में शनिवार को व्यय वित्त समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के विकास प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान की गई। बैठक में राज्य में अधोसंरचना विकास, पेयजल, सड़क, पार्किंग, सुरक्षा एवं डिजिटल सुविधाओं से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना को स्वीकृति मिलने से लेकर उसके पूर्ण होने तक प्रत्येक चरण की स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य निर्धारित समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों। कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।

नंदा राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा से जुड़े सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में पेयजल विभाग की लोहाघाट टाउन पंपिंग पेयजल योजना (कुल लागत ₹8444.67 लाख), रामनगर (नैनीताल) में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण (₹3857.64 लाख) को मंजूरी दी गई। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत नंदप्रयाग घाट–सुतोल–कनोल मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य (₹1289.21 लाख) तथा टनकपुर (चम्पावत) में मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस एवं कम्युनिटी हॉल निर्माण (₹1424.52 लाख) के प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिली।

इसके साथ ही पीएसी बटालियन रुद्रपुर के लिए आरटीसी एवं 188 बैडेड बैरक निर्माण (₹1991.54 लाख) तथा देहरादून में साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण कार्य (₹3034.78 लाख) को भी समिति द्वारा संस्तुति प्रदान की गई।

बैठक में AMRUT 2.0 योजना के तहत विभिन्न स्थानीय निकायों में पेयजल, पार्कों के विकास एवं जलाशयों के कायाकल्प से संबंधित प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। मुख्य सचिव ने पार्कों और जलाशयों के कायाकल्प पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, श्रीधर बाबू अद्दांकी, विनोद कुमार सुमन, एस.एन. पाण्डेय, युगल किशोर पंत, अपर सचिव विनीत कुमार, निवेदिता कुकरेती, विम्मी सचदेव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें