
देहरादून। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल के नेतृत्व में बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 13 से 15 दिसंबर को देहरादून में आयोजित होने जा रहे राष्ट्रीय जनसंपर्क अधिवेशन के लिए मुख्यमंत्री को औपचारिक आमंत्रण प्रदान किया। इस दौरान अधिवेशन का ब्रोशर भी मुख्यमंत्री को भेंट किया गया तथा संस्था की विभिन्न गतिविधियों और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस वर्ष अधिवेशन का मुख्य विषय “विकसित भारत @ 2047 में जनसंपर्क की भूमिका” निर्धारित किया गया है। देशभर के विभिन्न राज्यों से 300 से अधिक प्रतिनिधि अधिवेशन में प्रतिभाग करेंगे। उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष को ध्यान में रखते हुए सम्मेलन में राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों एवं भविष्य की संभावनाओं पर विशेष सत्र भी रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में जनसंपर्क की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की प्रभावी ब्रांडिंग के लिए जनसंपर्क माध्यम एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग, जनता से निरंतर संवाद, फेक न्यूज़ की रोकथाम तथा मीडिया और जनसंपर्क क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती उपयोगिता पर भी गंभीर मंथन की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारनिया, सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश भट्ट, संयोजक सिद्धार्थ बंसल, सदस्य वैभव गोयल, अनिल वर्मा, अजय डबराल, संजय भार्गव और प्रियांक वशिष्ठ उपस्थित रहे।







