देहरादून, 24 नवम्बर ।
राज्य के पीएमश्री स्कूलों में कंप्यूटर लैब और पुस्तकालयों की स्थापना में तेजी लाई जाए। सभी स्कूलों में कंप्यूटर लैब अगले एक माह के भीतर स्थापित कर दी जाए। यह निर्देश मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में पुस्तकालयों के लिए शीघ्र बजट जारी किया जाए, ताकि कार्य में देरी न हो।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि 32 पीएमश्री स्कूलों में एकीकृत विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना भी प्राथमिकता के साथ पूरी की जाए। जिन विद्यालयों के लिए बजट जारी किया जाना शेष है, वह एक माह के भीतर जारी कराया जाए। उन्होंने टिंकरिंग लैब की उपलब्धता को लेकर आईआईटी कानपुर से निरंतर संवाद बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी पीएमश्री स्कूलों में खेल के मैदान विकसित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को खेल–कूद व शारीरिक गतिविधियों के अवसर मिल सकें। मुख्य सचिव ने कहा कि अवसंरचना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में कुल 226 विद्यालयों को पीएमश्री विद्यालयों के रूप में चयनित किया गया है, जिनमें 34 प्राथमिक और 192 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 15 अन्य विद्यालयों को भी स्वीकृति प्राप्त हुई है। जानकारी के अनुसार, पीएमश्री योजना के 22 घटकों में से 16 को 100 प्रतिशत लागू किया जा चुका है, जबकि शेष 6 घटकों पर कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर है।








