एलारा कैपिटल ग्रुप के सीईओ राज भट्ट ने इंटेंसिव केयर सेंटर का किया दौरा, जिला प्रशासन की पहल की सराहना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 19 नवंबर । एलारा कैपिटल ग्रुप लंदन के सीईओ एवं फाउंडर राज भट्ट ने बुधवार को देहरादून जिला प्रशासन द्वारा संचालित राज्य के प्रथम मॉडल इंटेंसिव केयर सेंटर का दौरा किया। भिक्षावृत्ति-निवारण और बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की इस पहल की उन्होंने खुलकर प्रशंसा की। भट्ट ने कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण के इस अभियान को आगे बढ़ाने में उनकी ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

चंपावत मूल के और लंदन स्थित सफल व्यवसायी राज भट्ट समाज सेवा, शिक्षा और वंचित बच्चों की मदद से जुड़े विभिन्न अभियानों में सक्रिय हैं। सेंटर में बच्चों से बातचीत के दौरान वे काफी प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का यह मॉडल सड़क पर भटकते बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है, जो अपने आप में प्रेरक और अनुकरणीय है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सीईओ भट्ट को सेंटर की कार्यप्रणाली विस्तार से समझाई। साधूराम इंटर कॉलेज परिसर में संचालित यह मॉडल सेंटर भीख मांगने वाले, बाल मजदूरी में लगे और कूड़ा बीनने वाले बच्चों को रेस्क्यू कर शिक्षा, परामर्श और कौशल गतिविधियों से जोड़ने का काम कर रहा है। बच्चों को कंप्यूटर, योग, संगीत और खेल जैसी गतिविधियों के साथ नि:शुल्क शिक्षा दी जा रही है।

जिला प्रशासन ने बताया कि अब तक 82 भिक्षावृत्ति में संलिप्त बच्चे, 63 बाल मजदूर और 113 कूड़ा बीनने वाले बच्चे—कुल 258 बच्चों को सड़कों से रेस्क्यू कर शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ा गया है। वर्तमान में 51 बच्चे सेंटर में पढ़ रहे हैं, जिनमें 29 बालक और 22 बालिकाएं शामिल हैं। इन्हें विभिन्न स्कूलों—जीपीएस व जीयूपीएस परेड ग्राउंड, साधूराम इंटर कॉलेज और जीपीएस मथुरावाला—में दाखिला दिलाया गया है। सभी खर्च जिला प्रशासन वहन कर रहा है। आरबीएसके टीम द्वारा बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाता है।

डीएम सविन बंसल ने स्कूल प्रबंधन को सेंटर भवन के प्रथम तल के निर्माण, पैदल मार्ग की मरम्मत, रेलिंग और शौचालय सुधार कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई के लिए आउटसोर्सिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक निदेशक सूचना बद्री चंद्र नेगी, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें