कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन गुटबाजी से ध्यान हटाने की कोशिश : भट्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 16 नवंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस में हुए नेतृत्व परिवर्तन और नई चुनाव समिति के गठन को गुटबाजी से ध्यान हटाने का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव से पहले समितियाँ बनाती है, लेकिन इसका चुनाव नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ता। “जनता कांग्रेस की गतिविधियों से भली-भांति वाकिफ है,” भट्ट ने कहा।

पत्रकारों के सवाल पर भट्ट ने कहा कि समिति में शामिल अधिकतर चेहरे कांग्रेस के बड़े गुटों का प्रतिनिधित्व करते हैं और इस रणनीति से नए गुट भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में यह चर्चा भी आम है कि उसके वरिष्ठ नेता को संगठनात्मक रूप से ‘सन्यास’ का संकेत दे दिया गया है।

भट्ट ने कहा कि कांग्रेस की संगठनिक रणनीति उसका निजी विषय है, लेकिन विकास कार्यों पर उसकी नकारात्मक प्रतिक्रिया तथ्यों के विपरीत है। उन्होंने दावा किया कि विकास और भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े कानून बनाने वाला उत्तराखंड आज देश में रोल मॉडल बन चुका है।

उन्होंने कहा कि अब दुष्प्रचार के आधार पर चुनाव जीतना संभव नहीं। बिहार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि “भ्रष्टाचार और कुशासन में लिप्त लोग जब सदाचार की बातें करते हैं तो जनता उन्हें जवाब दे देती है।” उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता भी नकारात्मक राजनीति बर्दाश्त नहीं करेगी।

भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की तेज रफ्तार पकड़ चुका है और आगामी दशक का श्रेष्ठ राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में लाखों करोड़ की परियोजनाएँ चल रही हैं और प्रधानमंत्री हर दौरे पर नई सौगातें देते रहे हैं। भट्ट ने दावा किया कि 2027 में भी जनता भाजपा पर अपना भरोसा कायम रखेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें