मुख्यमंत्री धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, एयर फोर्स ऑडिट ब्रांच और ग्वालदम–वाण मार्ग पर रखे महत्वपूर्ण आग्रह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली 16 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट कर राज्य से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से एयर फोर्स ऑडिट ब्रांच को देहरादून में ही यथावत संचालित रखने तथा ग्वालदम–नंदकेसरी–थराली–देवाल–मुन्दोली–वाण मोटर मार्ग के रख-रखाव का कार्य आगे भी उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग (PWD) के पास बनाए रखने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि एयर फोर्स ऑडिट ब्रांच लंबे समय से देहरादून में सुचारू रूप से कार्यरत है। चीन और नेपाल से सटी राज्य की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं तथा देहरादून में मौजूद अनेक सैन्य व सुरक्षा प्रतिष्ठानों को देखते हुए यह स्थान सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आग्रह किया कि एयर फोर्स ऑडिट ब्रांच को स्थानांतरित न कर देहरादून में ही जारी रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ।

उन्होंने ग्वालदम–नंदकेसरी–थराली–देवाल–मुन्दोली–वाण मार्ग के रख-रखाव को भी पीडब्ल्यूडी के पास ही बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मार्ग विश्वप्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा का मुख्य रूट है, जिसकी अगली यात्रा 2026 में प्रस्तावित है। धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़े इस आयोजन की बेहतर व्यवस्था के लिए मार्ग का स्थानीय स्तर पर PWD द्वारा रख-रखाव अत्यंत आवश्यक है। स्थानीय परिस्थितियों की समझ, समन्वय और त्वरित कार्य निष्पादन की क्षमता के कारण यह विभाग इस कार्य के लिए सर्वश्रेष्ठ है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत दोनों विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें