स्किल डेवलपमेंट एवं क्षमता निर्माण कार्यशाला शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

 देहरादून 16 नवंबर ।आईएसएए फाऊंडेशन के सहयोग से सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय स्किल डेवलपमेंट एवं क्षमता निर्माण कार्यशाला की शुरुआत हुई। कार्डियोलॉजी, न्यूरो ट्रॉमा और क्रिटिकल केयर केंद्रित इस कार्यशाला का उद्देश्य जिले के डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को आधुनिक उपचार तकनीकों, जीवन-रक्षक प्रक्रियाओं और आपातकालीन प्रबंधन की उन्नत ट्रेनिंग प्रदान करना है।

कार्यक्रम में देश के तीन प्रमुख संस्थानों से विशेषज्ञ डॉक्टर एआईआईएमएस नई दिल्ली के डॉ. मोहित जोशी, एसआरएमएस बरेली के डॉ. निपुण अग्रवाल और श्री वेदांता हॉस्पिटल बरेली के डॉ. दीप पंत ने प्रशिक्षण सत्र संचालित किए। प्रतिभागियों को क्रिटिकल केयर प्रबंधन, आपातकालीन हस्तक्षेप और गंभीर रोगियों की देखभाल पर विस्तृत व्यावहारिक शिक्षण दिया गया।

एसआरएमएस बरेली की टीम ने पीजीआई  और मानस अकैडमी के नर्सिंग छात्रों के साथ-साथ टैक्सी संचालकों को सीपीआर और फर्स्ट एड की विशेष ट्रेनिंग दी। सीमांत सेवा फाउंडेशन ने सभी टैक्सी चालकों को तैयार फर्स्ट एड किट भी वितरित की, ताकि दुर्घटना या आपात स्थिति में वे तुरंत प्राथमिक उपचार दे सकें।

नगर निगम पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलालने सीमांत सेवा फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य आपात स्थितियों के बीच सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा सीपीआर ट्रेनिंग, फर्स्ट एड किट वितरण एवं नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की पहल बेहद उपयोगी और अनुकरणीय है। उन्होंने बताया कि सीमांत नेत्रालय से हजारों मरीजों को लाभ मिला है, जो जिले के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी आशीष भटगई ने किया। उन्होंने आईएसएए फाउंडेशन  द्वारा सीमांत सेवा फाउंडेशन को प्रदान की गई मोबाइल मेडिकल यूनिट की विशेष प्रशंसा की और कहा कि यह यूनिट दूरस्थ एवं पर्वतीय गाँवों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी जी.एस. नबियाल ने सीमांत द्वारा चलाए जा रहे निःशुल्क चिकित्सा शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुँचा रही है, जो अक्सर अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते।

सीमांत सेवा फाउंडेशन के पदाधिकारी और स्वयंसेवक पूरे आयोजन में मौजूद रहे और कार्यशाला के सुचारू संचालन में सहयोग करते रहे। आईएसएए फाउंडेशन के विशेषज्ञ डॉक्टरों, जिला प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के इस संयुक्त प्रयास ने कार्यशाला को जनहित में एक प्रेरणादायक और प्रभावशाली पहल बना दिया है।पिथौरागढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में यह कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें