प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य की रजत जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

₹8260 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण एवं शिलान्यास
एफआरआई देहरादून में होगा भव्य समारोह, प्रधानमंत्री करेंगे स्मारक डाक टिकट जारी

देहरादून, 08 नवंबर।
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर 9 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंचेंगे और एफआरआई परिसर में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक विशेष स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे तथा राज्य की जनता को संबोधित करेंगे।

राज्य की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ₹8260 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं।

प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें —

  • अमृत (AMRUT) योजना के अंतर्गत देहरादून जलापूर्ति कवरेज योजना,
  • पिथौरागढ़ में विद्युत सबस्टेशन,
  • सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र, तथा
  • हल्द्वानी (नैनीताल) स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री दो महत्वपूर्ण पेयजल परियोजनाओं — सोंग बांध (देहरादून) और जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना (नैनीताल) का भी शिलान्यास करेंगे।
सोंग बांध परियोजना से देहरादून शहर को प्रतिदिन 150 एमएलडी पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जबकि जमरानी परियोजना सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और बिजली उत्पादन में बड़ी भूमिका निभाएगी।

प्रधानमंत्री जिन अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उनमें —

  • चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना,
  • नैनीताल में अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र,
  • तथा विभिन्न विद्युत सबस्टेशन परियोजनाएं प्रमुख हैं।

राज्य स्थापना की रजत जयंती पर प्रधानमंत्री की यह यात्रा उत्तराखण्ड के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता और “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की दिशा में राज्य की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक मानी जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें