मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलनकारियों और शहीद परिजनों को किया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख

राज्य आंदोलनकारी और उनके आश्रितों की पेंशन बढ़ाने की महत्वपूर्ण घोषणा

 

देहरादून, 8 नवंबर।

उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून स्थित शहीद स्थल, कचहरी परिसर में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों और शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिजनों को सम्मानित किया। समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण लाखों लोगों के बलिदान, संघर्ष और तप का परिणाम है। उन्होंने खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा जैसी घटनाओं को राज्य आंदोलन के अमर अध्याय बताते हुए कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है और आगे भी देती रहेगी।

 

राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं—

 

👉 राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों की पेंशन में वृद्धि

 

राज्य आंदोलन के दौरान 7 दिन जेल गए या घायल हुए आंदोलनकारियों की पेंशन ₹6,000 से बढ़ाकर ₹7,000 प्रति माह की जाएगी।

 

अन्य श्रेणी के आंदोलनकारियों की पेंशन ₹4,500 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रति माह की जाएगी।

 

आंदोलन के दौरान विकलांग होकर पूर्णतः शय्याग्रस्त हुए आंदोलनकारियों की पेंशन ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रति माह की जाएगी और उनके लिए मेडिकल अटेंडेंट की व्यवस्था भी की जाएगी।

 

शहीद राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रति माह की जाएगी।

 

 

👉 सम्मान और पहचान से जुड़ी घोषणाएँ

 

शहीद राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर उनके क्षेत्रों की प्रमुख अवस्थापना सुविधाओं का नामकरण किया जाएगा।

 

राज्य आंदोलनकारियों के लंबित आवेदन पत्रों के निस्तारण हेतु 6 माह का समय विस्तार दिया जाएगा।

 

राज्य के सभी शहीद स्मारकों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि राज्य सरकार की कृतज्ञता और श्रद्धा का प्रतीक हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि राज्य स्थापना दिवस पर अपने घरों में पाँच दीपक राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में अवश्य जलाएँ।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलन की भावना ही उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की प्रेरणा है।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह सहित अनेक राज्य आंदोलनकारी

एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Comment

और पढ़ें