




मुख्य सेवक युवा संवाद में बोले धामी – राज्य में 1100 से अधिक स्टार्टअप्स को मिली मान्यता, 15 इंक्यूबेटर स्थापित
खटीमा, 23 अक्तूबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा ही राज्य की दिशा और दशा तय करेंगे। अगर युवा संकल्प लेकर लक्ष्य निर्धारित करें, तो कोई भी बाधा उन्हें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं में असीम ऊर्जा, उम्मीद और सकारात्मक सोच है, और यही उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएगी।
मुख्यमंत्री खटीमा कैंप कार्यालय में आयोजित मुख्य सेवक युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया के लिए आशा का प्रतीक बना है, क्योंकि भारत का जन भी युवा है और मन भी युवा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है, और इस मिशन में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा सेना, प्रशासन, शिक्षा, उद्योग और स्टार्टअप्स के क्षेत्र में शानदार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी राष्ट्र तब तक विकसित नहीं हो सकता, जब तक उसकी युवाशक्ति संगठित, आत्मनिर्भर और राष्ट्रभावना से प्रेरित न हो।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड में स्टार्टअप नीति लागू होने के बाद स्टार्टअप कल्चर तेजी से बढ़ा है। राज्य में अब तक 1100 से अधिक स्टार्टअप्स को मान्यता दी गई है और 15 अत्याधुनिक इंक्यूबेटर स्थापित किए गए हैं। खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, आईटी, एआई, जैव प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और वेलनेस जैसे क्षेत्रों में राज्य के युवा नवाचार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को आर्थिक सहायता और बेहतर माहौल दोनों दे रही है। “हम चाहते हैं कि हमारे युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। आप जिस भी क्षेत्र में काम करें, ध्यान रखें कि आपके कार्य से न केवल आपकी प्रगति हो, बल्कि प्रदेश और देश का भी विकास हो।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के समग्र विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। “हमें अपने युवाओं की प्रतिभा पर पूरा भरोसा है। आपके समर्पण और प्रयासों से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का हमारा विकल्प रहित संकल्प अवश्य पूर्ण होगा,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम में निकिता उपाध्याय, कविता गोस्वामी, खुशी जोशी, चारु बोरा, पूर्वा गोस्वामी, हर्षिता राणा, गुलनाज, सुरजीत सिंह और रोहित जोशी सहित कई युवाओं ने अपने विचार रखे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और युवा मौजूद रहे।








