सीएम धामी बोले— नई पीढ़ी को सरदार पटेल के आदर्शों से जोड़ा जाए, हर घर तक पहुंचे राष्ट्रीय एकता का संदेश
खटीमा 24 अक्टूबर ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहियाहेड अतिथि गृह, खटीमा में राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में Sardar@150 Campaign की तैयारियों की वर्चुअल बैठक की।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि एकता मार्च के सफल आयोजन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाए। इस अभियान में युवाओं, महिलाओं, स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
सीएम धामी ने कहा कि Sardar@150 अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है। सरदार पटेल की 150वीं जयंती को ऐतिहासिक रूप से मनाना है, ताकि देश की नई पीढ़ी उनके योगदान और विचारों से प्रेरणा ले सके। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश की सैकड़ों रियासतों को जोड़कर एक भारत की नींव रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के सपनों को साकार करने की दिशा में कार्य किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के विजन के साथ देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। गुजरात के केवड़िया में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण सरदार पटेल के सम्मान में कराया गया, जो विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा और भारत की एकता व गौरव का प्रतीक है।
बैठक में बताया गया कि Sardar@150 Campaign के तहत राज्य के नागरिक ‘माई भारत पोर्टल’ पर पंजीकरण कर रहे हैं। अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन, क्विज और Sardar@150 Young Leaders जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। राज्य के 13 जिलों में 31 अक्तूबर से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय एकता मार्च निकाला जाएगा, जिसमें 8 से 10 किलोमीटर की पैदल यात्रा होगी। इसके अलावा 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक 152 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय पदयात्रा सरदार पटेल के जन्मस्थान करमसद से ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ तक निकाली जाएगी, जिसमें उत्तराखंड के हर जिले से दो युवा प्रतिभाग करेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर नितिन भदौरिया, जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, वर्चुअल माध्यम से विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी समेत सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।








