
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने निजी आवास नगला तराई से नौ मोबाइल मेडिकल यूनिटों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से आठ वाहन हंस फाउंडेशन देहरादून की ओर से और एक वाहन हिन्दुस्तान जिंक व ममता संगठन के संयुक्त सहयोग से दिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि मोबाइल स्वास्थ्य सेवा शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी। इससे जनता को doorstep पर ही स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
हंस फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर युद्धवीर सिंह ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा दी गई आठ यूनिटों में से चार उधम सिंह नगर और चार नैनीताल जिले में स्वास्थ्य सेवाएं देंगी। वहीं हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड की निदेशक अनामिका झा ने बताया कि राजस्थान के चार जिलों के साथ ही उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जनपद के गदरपुर व किच्छा क्षेत्र के 25 गांवों में मोबाइल स्वास्थ्य सेवा शुरू की गई है। इन वाहनों में डॉक्टर, नर्स और काउंसलर की टीम लोगों को परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएगी।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।








