



मेलाघाट तक बनेगी 11.50 किमी की सुदृढ़ सड़क
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा–मेलाघाट राज्य मार्ग (राज्य मार्ग संख्या 107) के पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। 20.89 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में 11.50 किलोमीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
परियोजना के तहत केसी ड्रेनेज सिस्टम, सड़क सुरक्षा कार्य, रोड साइनएज की स्थापना तथा टीबीएम और बीसी द्वारा सुदृढ़ीकरण कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास करते हुए कहा कि यह सड़क न केवल खटीमा क्षेत्र के विकास की धुरी बनेगी, बल्कि भारत-नेपाल सीमा तक के संपर्क का एक प्रमुख मार्ग भी साबित होगी।
उन्होंने कहा कि सड़क के सुधारीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों को सुगम यातायात सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही सीमावर्ती व्यापार, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान भू-कटाव रोकने और जल निकासी व्यवस्था के सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सड़क टिकाऊ और सुरक्षित बने।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा अब शिक्षा का केंद्र बन चुका है, जहाँ सीमावर्ती इलाकों के छात्र भी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड का हर क्षेत्र सुगम, सशक्त और समृद्ध बने।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “कनेक्टिविटी ही विकास की रीढ़” के संकल्प को राज्य सरकार पूरी निष्ठा से आगे बढ़ा रही है। सड़कों के विस्तार और आधुनिकीकरण पर तेजी से कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जनता को दीपावली और अन्य त्योहारों की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि पर्वों के अवसर पर राज्य की सुरक्षा, सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दायित्वधारी फरजाना बेगम, अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।








