





प्रबुद्धजन–वरिष्ठजन सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने किया संवाद, कहा — चंपावत विकास का मॉडल जनपद बनेगा
चंपावत, 15 अक्टूबर ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रबुद्धजन–वरिष्ठजन सम्मेलन में वरिष्ठ नागरिकों और प्रबुद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि “वरिष्ठजन हमारे समाज के अनुभव, ज्ञान और संस्कारों के प्रतीक हैं। वे समाज के मार्गदर्शक स्तंभ हैं, जिनके आशीर्वाद और सुझावों से ही चंपावत को आदर्श जनपद बनाया जा सकता है।”
सीएम धामी ने कहा कि चंपावत को “आदर्श जनपद” बनाना केवल एक योजना नहीं, बल्कि आदर्श उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में सरकार का ठोस संकल्प है। उन्होंने बताया कि केवल सिप्टी क्षेत्र में ही ₹100 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि पूरे जनपद में इससे कहीं अधिक कार्य प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक उनकी ओर से की गई 306 घोषणाओं में से 196 पूरी की जा चुकी हैं, जबकि शेष पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में साइंस सेंटर का निर्माण पूर्ण हो गया है, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का नया परिसर आरंभ हो चुका है, और चंपावत को स्मार्ट सिटी मिशन में शामिल किया गया है।
सीएम धामी ने कहा कि पूर्णागिरि रोपवे परियोजना, शारदा कॉरिडोर और वेडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखंड योजना जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चंपावत में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं, जो राज्य के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेंगे।
सम्मेलन में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि चंपावत ने जिस विश्वास के साथ उन्हें 93 प्रतिशत से अधिक मत देकर विधायक बनाया था, वही विश्वास अब धरातल पर विकास कार्यों के रूप में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
वरिष्ठजनों ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आयुर्वेदिक औषधि निर्माण के क्षेत्र में हो रहे सुधारों की सराहना की। उन्होंने पेंशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, अनिल डब्बू, शंकर कोरंगा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अचला बोहरा, बराकोट ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, वरिष्ठ नागरिक और अधिकारीगण उपस्थित रहे।








