
एमडी पी.सी. ध्यानी ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
बिजली उपकेंद्रों और लाइनों के अनुरक्षण कार्य की समीक्षा, आकस्मिक हालात के लिए हाईड्रा व पर्याप्त जनशक्ति रखने के निर्देश
देहरादून 14 अक्टूबर।
दीपावली और धनतेरस जैसे प्रमुख पर्वों पर राज्यभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पिटकुल (पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड) ने कमर कस ली है। पिटकुल के प्रबन्ध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने मंगलवार को मुख्यालय देहरादून में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में मुख्यालय के अधिकारी ऑफलाइन और क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। प्रबंध निदेशक ध्यानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली से पहले सभी विद्युत उपकेंद्रों और ट्रांसमिशन लाइनों के अनुरक्षण कार्य समय से पूर्ण कर लिए जाएं ताकि पर्वों के दौरान किसी भी क्षेत्र में बिजली कटौती की स्थिति न बने।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवश्यक स्पेयर्स जैसे सीटी, पीटी, एलए आदि की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और निर्बाध आपूर्ति के लिए टेस्टिंग एवं कमीशनिंग शाखा के साथ घनिष्ठ समन्वय बनाया जाए। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए हाईड्रा मशीन और पर्याप्त मानव संसाधन पहले से तैयार रखने को भी कहा गया।
एमडी ध्यानी ने कहा कि हाई वोल्टेज की समस्या से बचाव के लिए पिटकुल और यूपीसीएल के बीच कार्ययोजना और समन्वय को मजबूत किया जाए। साथ ही सभी उपकेंद्रों पर अग्निशमन उपकरणों को रिफिल कराते हुए फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम के साथ सीधा संपर्क बनाए रखा जाए।
उन्होंने स्विचयार्ड की साफ-सफाई, अनावश्यक घास और कबाड़ हटाने, संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता बढ़ाने और स्थानीय लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। वार्षिक अनुरक्षण कार्यों में अनुबंधित कर्मियों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रबंध निदेशक ध्यानी ने यह भी बताया कि ट्रांसफॉर्मरों की ट्रिपिंग अक्सर 33 केवी सीटी और एलए फटने से हो रही है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए तकनीकी विश्लेषण कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में निदेशक (परिचालन) जी.एस. बुदियाल, मुख्य अभियंता कमल कांत, ईला चन्द्र, अनुपम सिंह, अधीक्षण अभियंता अविनाश चन्द्र अवस्थी, ललित कुमार, विकल्प गौतम, संतोष कुमार, सचिन रावत, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मुख्यालय में मौजूद रहे। वहीं, मुख्य अभियंता एच.एस. ह्यांकी, अधीक्षण अभियंता पी.के. भास्कर, संजीव कुमार गुप्ता, राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता असीम बेग, राजेश चौबे, मनीष टम्टा आदि अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
पिटकुल प्रबंधन ने दावा किया है कि दीपावली पर्व के दौरान प्रदेशभर में चौबीसों घंटे निर्बाध और स्थिर विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।








