देहरादून | 14 अक्टूबर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न विभागों की योजनाओं हेतु कुल 196 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इन परियोजनाओं में ऊर्जा, शिक्षा, पेयजल, बाढ़ सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएँ शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पिटकुल द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु एडीबी वित्त पोषित बाह्य सहायतित योजना के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं के लिए 105.09 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ऊरेडा की सप्तेश्वर लघु जल विद्युत परियोजना (300 किलोवाट) के सिविल, इलेक्ट्रोमैकेनिकल एवं विद्युत पारेषण लाइन के कार्यों हेतु 1.19 करोड़ रुपये (119.97 लाख) की योजना को मंजूरी दी है।
शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री धामी ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत शैक्षिक सत्र 2025-26 से गेम चेंजर योजना के तहत राज्य के सभी राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों (प्रारम्भिक एवं माध्यमिक) में अध्ययनरत छात्रों को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराने के लिए 52.84 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
इसके अलावा जनपद हरिद्वार के रूड़की में निर्माणाधीन ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन कार्य के लिए 4.47 करोड़ रुपये, मसूरी पुनर्गठन पंपिंग पेयजल योजना के पुनरीक्षित प्राक्कलन के अंतर्गत 19.69 करोड़ रुपये, टिहरी गढ़वाल के भिलंगना विकासखंड में घनसाली शहर की भिलंगना नदी से बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए 3.18 करोड़ रुपये तथा बागेश्वर जिले के कपकोट विकासखंड में सरयू नदी से बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 4.85 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसके साथ ही जनपद उत्तरकाशी में हाल ही में आई भीषण आपदा को देखते हुए 5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से जहां विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी, वहीं ऊर्जा, शिक्षा, पेयजल और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में स्थायी सुधार सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार जनता से जुड़े प्रत्येक क्षेत्र में पारदर्शिता और गति के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।








