देहरादून, 23 सितम्बर। भाजपा की प्रदेश कार्यशाला का आयोजन कल राजधानी देहरादून के कुँआवाला क्षेत्र स्थित एक निजी संस्थान में होने जा रहा है। इस कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी.एल. संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित सभी नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी और जिला प्रभारी मौजूद रहेंगे।
प्रदेश मीडिया संयोजक मनवीर चौहान ने बताया कि इस एक दिवसीय कार्यशाला में मिशन 2027 में हैट्रिक को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। बैठक का मुख्य एजेंडा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नई नेतृत्वकारी टीम का उपयोग, सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाने की रणनीति और संगठन की इकाइयों का गठन रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री संगठन की मौजूदगी में कार्ययोजना तैयार कर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक बनाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को दैवीय आपदा सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रहे हैं और जनता की सेवा में जुटे हुए हैं।
UKSSSC पेपर लीक प्रकरण पर विपक्ष के आरोपों को भट्ट ने दुर्भाग्यपूर्ण और गैर जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में परीक्षा व्यवस्था को बदनाम करने की साजिश सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जल्द ही इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश होगा। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रश्नपत्र के कुछ प्रश्न बाहर जरूर आए थे, लेकिन कोई भी उत्तर परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंचा।
