वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 15 सितंबर। कांग्रेस ने वोट चोरी के खिलाफ अपने आंदोलन के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए सोमवार को प्रदेशभर में हस्ताक्षर अभियान का आगाज किया। देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने पत्रकार वार्ता के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अभियान का शुभारंभ किया।

अभियान के तहत पार्टी सभागार में लगे “वोट चोरी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान” बैनर और फार्म पर सबसे पहले धस्माना ने हस्ताक्षर किए। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अभियान में भाग लिया।

इस अवसर पर धस्माना ने आरोप लगाया कि 7 अगस्त को कर्नाटक की एक लोकसभा सीट पर चुनाव आयोग की मिलीभगत से एक लाख से अधिक फर्जी वोट डाले गए, जिसके चलते भाजपा ने हारी हुई सीट जीत ली। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इस खुलासे के बाद जनता अब भाजपा की सच्चाई जान चुकी है और देशभर में लोग वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।

धस्माना ने कहा कि कांग्रेस ने पहले चरण में “वोट चोर गद्दी छोड़ रैलियों” के जरिए जनसैलाब सड़कों पर उतारा था और अब दूसरे चरण में राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में देशभर से पांच करोड़ नागरिकों के हस्ताक्षर जुटाकर चुनाव आयोग को सौंपे जाएंगे। उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभाओं से पांच लाख हस्ताक्षर एकत्र किए जाएंगे जिन्हें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सौंपा जाएगा।

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश महासचिव जगदीश धीमान, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, सोशल मीडिया अध्यक्ष विकास नेगी, कार्यकारी अध्यक्ष विशाल मौर्य समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें