चंपावत 17 जुलाई 2025।
जिलाधिकारी
मनीष कुमार द्वारा बुधवार को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, चंपावत परिसर के सभागार में नशा मुक्ति और जन-जागरूकता विषयक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी चिंता जताई और युवाओं से इसे रोकने में भागीदार बनने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि यदि वे अपने आस-पास किसी भी प्रतिबंधित स्थान पर नशे से संबंधित गतिविधि या अवैध व्यापार की जानकारी पाते हैं, तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने नशे के दुष्प्रभावों को विस्तार से समझाते हुए उन्होंने बताया कि किस प्रकार नशा व्यक्ति की मानसिक, शारीरिक और सामाजिक स्थिति को प्रभावित करता है और अंततः जीवन को विनाश की ओर ले जाता है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और समुदाय को भी इसके खिलाफ जागरूक करें।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने भी नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने हेतु सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकगण ने इस सराहनीय पहल के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी नवीन चंद्र पंत मुख्य विकास अधिकारी डॉ० जी एस खाती मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी सहित कॉलेज स्टाफ, छात्र छात्राएं व अन्य उपस्थित रहे।








