बनबसा 1जुलाई। ग्राम आनन्दपुर के समीप बहने वाली हुड्डी नदी में हाल ही में हुई मूसलाधार वर्षा के कारण नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ गया, जिससे तराई पूर्वी वन प्रभाग द्वारा पूर्व में कराए गए चैनलाइजेशन के अंतर्गत निर्मित बंधा क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही, सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित सुरक्षा दीवार को भी आंशिक क्षति पहुँची।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में सुरक्षा कार्यों की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कर दी गई है।उपजिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी ने बताया कि
क्षतिग्रस्त बंधे की मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। वहीं सिंचाई विभाग द्वारा सुरक्षा दीवार में हो रही “पाइपिंग” (अंदरूनी रिसाव) को नियंत्रित करने हेतु कंक्रीट ग्राउटिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि सभी सुरक्षात्मक कार्य उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके तथा भविष्य में संभावित जल आपदाओं से प्रभावी ढंग से बचाव किया जा सके।जिला प्रशासन द्वारा तकनीकी अधिकारियों के सहयोग से क्षेत्र का सतत स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की चूक या विलंब न हो।निरीक्षण के दौरान मा विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, एसडीओ सिंचाई आरके यादव, जेई वसीम अहमद, आरके प्रदीप जुकरिया, मुकेश जोशी ग्रामीण मोजूद थे।








