
महंगाई, बेरोजगारी और अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सरकार को घेरा
देहरादून 1 नवंबर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली को जनता को गुमराह करने का प्रयास करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा सरकार इस तरह के अभियान चला रही है, जबकि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्था से परेशान है।
गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर आरोपियों को संरक्षण देने और मामले से जुड़े साक्ष्य सामने लाने वालों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने गैरसैंण में दो दिवसीय विधानसभा सत्र को भी गंभीर मुद्दों से बचने का प्रयास बताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करेगी। कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।









