
उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिंघल को मिला सम्मान
नई दिल्ली 2 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक एवं सम्मान समारोह में डॉ. अशोक अग्रवाल को पुनः निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। शनिवार को रोहिणी स्थित एक निजी होटल में आयोजित बैठक में देशभर से संगठन के पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, विधायक, उद्योगपति एवं आजीवन सदस्य शामिल हुए।
डॉ. अशोक अग्रवाल के पुनर्निर्वाचन पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह उनके नेतृत्व, समर्पण, कार्यक्षमता और संगठन के प्रति निष्ठा में सदस्यों के विश्वास का प्रतीक है। बैठक में कोषाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। बताया गया कि पिछले वर्ष छह करोड़ रुपये की एफडी थी, जिसे बढ़ाकर इस वर्ष सात करोड़ रुपये कर दिया गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला व्यस्तता के कारण शामिल नहीं हो सके। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कपिल देव अग्रवाल और भाजपा के राष्ट्रीय नेता श्याम जाजू ने उत्तराखंड से देश में सर्वाधिक पैटर्न सदस्य बनाए जाने पर अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिंघल को सम्मानित किया।
समारोह में वैश्य समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। व्यापार, समाजसेवा, चिकित्सा, दिव्यांगों के उत्थान एवं विकास, उद्योग तथा संगठन के विस्तार में योगदान देने वाले पदाधिकारियों और सदस्यों को सम्मान प्रदान किया गया। सर्वाधिक वैश्य मित्र बनाने वाले कार्यकर्ताओं और पैटर्न सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज के उत्थान और देश में प्रभावी भूमिका के लिए समाज का संगठित और सशक्त होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वैश्य समाज के युवाओं का रुझान नौकरी की ओर बढ़ रहा है और वे परिवार तथा पारंपरिक व्यापार से दूर हो रहे हैं। युवाओं को व्यापार की ओर प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की कार्यकारिणी में युवा चेहरों को भी स्थान दिया जाएगा।
भाजपा नेता श्याम जाजू ने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए एकता, सामंजस्य के साथ-साथ संख्या बल भी आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को वैश्य मित्र सदस्य बनाकर संगठन को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज ने देश को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने और राष्ट्र निर्माण में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने समाज को संगठित करने, सामाजिक उत्थान और आपसी सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर महामंत्री रमेश गोयल, कोषाध्यक्ष, प्रदेश युवा अध्यक्ष सचिन गुप्ता, संजय अग्रवाल, राजीव गर्ग, राजेंद्र अग्रवाल, ऋतु गोयल, उपाध्यक्ष कौशलेश गुप्ता सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, तेलंगाना, झारखंड और छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, विधायक, उद्योगपति, विशिष्ट अतिथि एवं आजीवन सदस्य मौजूद रहे।








